उज्जैन(ईन्यूज एमपी)-मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक अनोखी और प्रेरणादायक पहल के साथ देशभर में चर्चा का विषय बने हुए हैं। सीएम अपने छोटे बेटे डॉ. अभिमन्यु यादव का विवाह किसी भव्य होटल या आलीशान रिसॉर्ट में नहीं, बल्कि **सामूहिक विवाह सम्मेलन** में कराने जा रहे हैं। यह आयोजन आगामी रविवार को पवित्र शिप्रा तट पर होगा, जहाँ सीएम के बेटे के साथ कुल 20 अन्य जोड़े भी परिणय सूत्र में बंधेंगे। 10–12 रुपये का साधारण कार्ड, सभी 21 जोड़ों के नाम दर्ज इस सादगीपूर्ण आयोजन का न्योता भी उतना ही सरल है। बताया गया है कि जो निमंत्रण पत्र छपवाया गया है, उसकी कीमत मात्र 10 से 12 रुपये तक है। कार्ड पर न केवल अभिमन्यु और उनकी होने वाली पत्नी डॉ. ईशिता पटेल का नाम है, बल्कि अन्य 20 जोड़ों के नाम भी समान रूप से प्रकाशित किए गए हैं। कार्ड पर साफ लिखा है— "उपहार न लाएं" बाबुल बनेंगे सीएम: सभी 21 जोड़ों को देंगे आशीर्वाद डॉ. मोहन यादव न सिर्फ अपने बेटे के, बल्कि सम्मेलन में शामिल सभी 21 जोड़ों के बाबुल की भूमिका निभाने जा रहे हैं। वे सभी नवदंपतियों को आशीर्वाद देंगे और विवाह संस्कार को सरलता एवं समानता का संदेश बनाने की कोशिश करेंगे। पूरी कैबिनेट और दिग्गज नेताओं को न्योता इस विशेष विवाह समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, थावरचंद गेहलोत, आनंदीबेन पटेल सहित कई बड़े VVIP अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री, पार्टी पदाधिकारी, ईष्ट-मित्र और सभी खासजन भी आमंत्रित हैं। समारोह का पूरा खर्च यादव परिवार उठाएगा आयोजन समिति के अनुसार इस सम्मेलन का सम्पूर्ण खर्च यादव परिवार द्वारा वहन किया जा रहा है। 21 जोड़ों से किसी भी प्रकार की राशि नहीं ली जा रही है। नवविवाहितों को सोने-चांदी के जेवर, बाइक तथा अन्य आवश्यक उपहार भेंट किए जाएंगे। पुश्तैनी घर में माता पूजन से शुरू हुई रस्में शुक्रवार को उज्जैन की गीता कॉलोनी स्थित सीएम के पुश्तैनी घर में माता पूजन के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। इस दौरान सीएम की पत्नी सीमा यादव सहित परिवारजन, पड़ोसी, रिश्तेदार एवं अन्य ईष्ट-मित्र उपस्थित रहे।