कुसमी(ईन्यूज एमपी)-कुसमी थाना क्षेत्र के कोडार पावर हाउस ट्रांसफॉर्मर के पास मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सीधे सड़क किनारे बने एक मकान से जा टकराई। हादसे में कार (क्रमांक MP17 CA 7923) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय घर के सामने कुछ लोग कुर्सी लगाकर बैठे थे। उन्होंने बताया कि जैसे ही कार उनकी ओर अनियंत्रित रफ्तार से आती दिखाई दी, सभी लोग अपनी जान बचाने के लिए तुरंत उठकर भागे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार में सवार व्यक्तियों को हल्की चोटें आई हैं, हालांकि सभी सुरक्षित हैं। वहीं कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने यह भी दावा किया कि कार सवार युवक शराब के नशे में थे और तेज रफ्तार में वाहन चला रहे थे, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।