enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश सीएम आज 3 लाख से ज्यादा किसानों को देंगे 238 करोड़ की राहत, श्योपुर–मुरैना में विकास कार्यों की सौगात

सीएम आज 3 लाख से ज्यादा किसानों को देंगे 238 करोड़ की राहत, श्योपुर–मुरैना में विकास कार्यों की सौगात

भोपाल (ईन्यूज एमपी)-मध्य प्रदेश के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज गुरुवार, 27 नवंबर को श्योपुर जिले के बड़ौदा में आयोजित कार्यक्रम में अतिवृष्टि, बाढ़ और पीला मौजेक कीट व्याधि से प्रभावित किसानों को राहत राशि प्रदान करेंगे। सरकार की ओर से राज्य के 3 लाख 5 हजार 410 किसानों के बैंक खातों में कुल 238 करोड़ 78 लाख रुपये अंतरित किए जाएंगे।

6 जिलों के किसानों को मिलेगा लाभ

श्योपुर, हरदा, विदिशा, नर्मदापुरम, धार और खंडवा जिलों की 23 तहसीलों के 2 हजार 148 गांवों के किसानों को यह सहायता राशि दी जाएगी। प्राकृतिक आपदाओं से पिछले कई महीनों से प्रभावित किसानों के लिए यह मदद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

मुरैना में 162 करोड़ से अधिक के विकास कार्य

मुख्यमंत्री आज ही मुरैना जिले में आयोजित कार्यक्रम में 162 करोड़ 55 लाख रुपये से अधिक की लागत वाले विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन करेंगे।

श्योपुर में स्वास्थ्य और ऊर्जा क्षेत्र को नई परियोजनाएँ

श्योपुर जिले में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी। इसमें 14 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से नर्सिंग कॉलेज भवन, 14 करोड़ 95 लाख रुपये से 50 बिस्तरीय एकीकृत आयुष चिकित्सालय और 96 लाख रुपये से बागवानी एवं खाद्य प्रसंस्करण ज्ञान प्रसार केंद्र शामिल हैं।
इसके अलावा ग्राम लहरौनी, बलावनी और डाबीपुरा में क्रमशः 2 करोड़ 61 लाख, 2 करोड़ 53 लाख और 2 करोड़ 49 लाख रुपये की लागत से 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों के निर्माण के लिए भूमि-पूजन किया जाएगा।

आदिवासी बालक आश्रम और अन्य योजनाएँ

जनजातीय कार्य विभाग द्वारा सेसईपुरा में 2 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से निर्मित आदिवासी बालक आश्रम का लोकार्पण किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ भी वितरित किया जाएगा।

70 करोड़ से आयुर्वेदिक महाविद्यालय और 100 बिस्तरीय चिकित्सालय

श्योपुर में 70 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आयुर्वेदिक महाविद्यालय भवन का भूमिपूजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत 100 बिस्तरीय चिकित्सालय भी प्रस्तावित है, जिससे आसपास के लगभग 20 गांवों के लोगों को रोजगार और उपचार की सुविधा प्राप्त होगी।

शिक्षा और प्रशासनिक ढांचे को मजबूती

श्योपुर में सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोठ और अम्बाह स्थित उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का लोकार्पण किया जाएगा। गोठ स्कूल में वर्तमान में 812 विद्यार्थी और अम्बाह स्कूल में 1799 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
इसी क्रम में मुरैना जिले में 19 करोड़ 2 लाख रुपये की लागत से निर्मित संयुक्त तहसील एवं अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय का लोकार्पण भी किया जाएगा। इससे क्षेत्र के 182 ग्रामों की लगभग साढ़े सात लाख आबादी को प्रशासनिक सुविधाएँ मिलेंगी।

अनुसूचित जाति सीनियर कन्या छात्रावास भी मिला

अम्बाह में 50 सीटर अनुसूचित जाति सीनियर कन्या छात्रावास का लोकार्पण किया जाएगा, जिसकी लागत 3 करोड़ 93 लाख रुपये है।

Share:

Leave a Comment