सीधी(ईन्यूज एमपी)-नगर पालिका परिषद सीधी की बुधवार को आयोजित बैठक में उस समय अनोखा दृश्य देखने को मिला, जब भाजपा के कई पार्षद सिर पर हेलमेट लगाकर बैठक में पहुंचे। उनकी इस अनोखी तैयारी को देख अधिकारी, कर्मचारी और अन्य जनप्रतिनिधि कुछ क्षणों के लिए हैरान रह गए। भाजपा पार्षदों ने बताया कि बैठक के दौरान अक्सर तनावपूर्ण स्थिति बनने और बहसबाजी मारपीट तक पहुंच जाने से उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता रहती है। पिछली बैठक में सदस्यों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई थी कि पानी की बोतलें तक चल गई थीं और मामला थाने तक पहुंच गया था। इसी पृष्ठभूमि को ध्यान में रखते हुए भाजपा पार्षद इस बार हेलमेट पहनकर बैठक में पहुंचे, ताकि—*“फिर न चले बाटला”*—जैसी स्थिति से बचा जा सके। पार्षदों का कहना है कि नगर परिषद की बैठकों में निरंतर बढ़ती अव्यवस्था और वाद-विवाद से कार्यवाही बाधित होती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि माहौल अक्सर इतना बिगड़ जाता है कि चर्चा का उद्देश्य ही समाप्त हो जाता है। ऐसे में प्रतीकात्मक विरोध के रूप में हेलमेट पहनना उन्हें मजबूरी के साथ-साथ एक संदेश भी लगा। भाजपा पार्षदों ने मांग की है कि परिषद की बैठकों में शांति, अनुशासन और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा की जा सके। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि जब तक व्यवस्था नहीं सुधरती, वे विरोध के ऐसे रूप अपनाने को मजबूर हो सकते हैं।