सीधी (ईन्यूज एमपी)- सिहावल जनपद पंचायत क्षेत्र में निर्वाचन कार्य से जुड़े 15 बीएलओ को बुधवार को तहसील कार्यालय बहरी में सम्मानित किया गया। एसडीएम सिहावल प्रिया पाठक ने सभी बीएलओ को माला पहनाकर तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। जानकारी के अनुसार हाल ही में बहुओं का डाटा एकत्रित करने का कार्य कई चुनौतियों के साथ पूरा किया गया। अनेक बहुएँ मायके में थीं, जिसके चलते उनकी जानकारी जुटाना मुश्किल हो रहा था। बीएलओ ने आपसी समन्वय से इस समस्या का समाधान निकाला। उन्होंने बहुओं के मायके क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की, जिससे सर्वे कार्य सुचारु रूप से आगे बढ़ सका। अभियान के दौरान कई स्थानों पर सामुदायिक सहयोग भी देखने को मिला। जिन घरों में जानकारी देने के लिए कोई उपलब्ध नहीं था, वहां पड़ोसियों ने आगे आकर बीएलओ की मदद की। इस सहयोग और टीमवर्क ने डेटा संग्रहण कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सम्मानित बीएलओ में वेद प्रकाश शुक्ला, सुशील सिंह, धर्मेंद्र कुमार पांडे सहित कुल 15 कर्मचारी शामिल रहे। सम्मान समारोह के दौरान एसडीएम प्रिया पाठक ने कहा कि क्षेत्र में अनेक लोग रोजगार के लिए बाहर गए हैं, जिससे सर्वे प्रक्रिया में कठिनाइयाँ आती हैं। इसके बावजूद बीएलओ ने मेहनत, समर्पण और टीम भावना से कार्य को उत्कृष्ट तरीके से अंजाम दिया।