ग्वालियर(ईन्यूज एमपी)-सोमवार देर रात ग्वालियर में एक बड़ा हादसा टल गया, जब चलती हुई यात्री बस अचानक आग की चपेट में आ गई। बस के टायर से चिंगारी उठती देख चालक ने तुरंत हाईवे किनारे वाहन रोककर सभी 45 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ ही मिनटों में पूरी बस आग की लपटों में समा गई। बस हरियाणा के गुरुग्राम से मध्य प्रदेश के पन्ना जा रही थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल दल मौके पर पहुंचे और आग पर नियंत्रण पाया। राहत की बात यह है कि घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। कैसे बची यात्रियों की जान रात करीब 12 बजे पुरानी छावनी क्षेत्र के हाईवे पर बस गुजर रही थी। तभी चालक की नजर एक पहिए से उठ रही चिंगारी पर पड़ी। खतरा भांपते ही उसने तुरंत बस रोक दी। उस समय अधिकांश यात्री सोने की तैयारी कर रहे थे। चालक और स्टाफ ने सभी को बाहर निकलने के लिए कहा और कुछ ही क्षणों में बस से उतार दिया। सभी यात्रियों के सुरक्षित निकलते ही आग अचानक भड़क उठी और देखते ही देखते पूरी बस जलकर राख हो गई। यदि बस कुछ देर और चलती रहती या यात्री गहरी नींद में होते, तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।