सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र के अधियारखोह में रविवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। प्रधान बस और ऑटो की टक्कर में ऑटो बुरी तरह पलट गया, जिसमें सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो सड़क पर उलट गया। हादसे में एक मासूम बच्ची का पैर टूट गया है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं ऑटो चालक को गंभीर चोटें आने के कारण उसे रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। स्थानीय लोगों एवं 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। तिलक खरीदारी से लौट रहा था परिवार घायलों में शामिल वर्मा परिवार सीधी से तिलक कार्यक्रम की खरीदारी कर घर लौट रहा था। परिवार अर्पित वर्मा के यहां 25 नवंबर को होने वाले तिलक समारोह की तैयारी कर रहा था। थाना प्रभारी ने दी जानकारी जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि घायलों की पहचान उपचार जारी रहने की वजह से पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक को रीवा रेफर किया गया है। शेष घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर है। पुलिस ने बस और चालक की तलाश शुरू कर दी है तथा मामले की जांच जारी है।