enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश सर्दियों में प्रदूषण का कहर: दिल-दिमाग के लिए बढ़ा खतरा, विंध्य के सिंगरौली में सर्वाधिक जोखिम

सर्दियों में प्रदूषण का कहर: दिल-दिमाग के लिए बढ़ा खतरा, विंध्य के सिंगरौली में सर्वाधिक जोखिम

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- प्रदेश में सर्दी बढ़ते ही वायु प्रदूषण ने खतरनाक रूप ले लिया है। हवा में मौजूद जहरीले कण अब सीधे लोगों के दिल और दिमाग पर असर डालने लगे हैं। प्रदेश के कई शहरों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) लगातार 300 के ऊपर दर्ज हो रहा है, जो स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार अत्यंत चिंताजनक स्थिति है।

राजधानी भोपाल में पिछले पांच दिनों से AQI ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बना हुआ है। टीटी नगर, पर्यावरण परिसर और कलेक्ट्रेट क्षेत्र में शुक्रवार को क्रमशः 349, 305 और 321 AQI दर्ज किया गया। लगातार बढ़ रहे ये आंकड़े प्रशासन और नागरिकों दोनों के लिए गंभीर चेतावनी हैं।

डॉक्टरों के अनुसार हवा में मौजूद पीएम 2.5 कण शरीर के अंदर जाकर ब्लड वेसल्स में सूजन पैदा करते हैं। इससे हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। सर्दियों में भारी और ठंडी हवा प्रदूषण को जमीन के पास जमा कर देती है, जिससे सांस संबंधी बीमारियों में भी वृद्धि हो रही है।

पांच दिनों से बिगड़ती हवा

19 नवंबर – 324
20 नवंबर – 324
21 नवंबर – 313
22 नवंबर – 336
23 नवंबर – कई क्षेत्रों में 349 तक

ये आंकड़े साफ बताते हैं कि राजधानी की हवा दिनों-दिन जहरीली होती जा रही है।

प्रदेश के अन्य शहरों का हाल

मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की वेबसाइट पर दर्ज ताजा डेटा के अनुसार:

* सिंगरौली – 353
* ग्वालियर – 315
* इंदौर (छोटी ग्वालटोली) – 305
* जबलपुर – 305
* मंडीदीप – 323
* सागर – 309
* नरसिंहपुर – 288

इनमें विंध्य की कोयला नगरी सिंगरौली 353 AQI के साथ सबसे अधिक प्रदूषित शहर रहा, जहां औद्योगिक इकाइयों तथा मौसमीय परिस्थितियों के कारण प्रदूषण बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है।

विशेषज्ञों ने दिया सतर्क रहने का सुझाव

चिकित्सकों ने खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और हृदय तथा श्वसन रोगियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। सुबह के समय बाहरी गतिविधियों से परहेज, मास्क का उपयोग और प्रदूषण बढ़ने की स्थिति में कम से कम बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

प्रदेश में आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट के साथ प्रदूषण का स्तर और बढ़ सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो स्वास्थ्य समस्याओं में तेज वृद्धि देखने को मिल सकती है।

Share:

Leave a Comment