enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी विधानसभा के 5 बीएलओ सम्मानित

सीधी विधानसभा के 5 बीएलओ सम्मानित

एसआईआर कार्य में शत-प्रतिशत उपलब्धि पर प्रशस्ति पत्र प्रदान


सीधी (ईन्यूज एमपी)-निर्वाचन नामावली विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (एसआईआर) के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करते हुए विधानसभा क्षेत्र 77 सीधी के पाँच बीएलओ ने शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन का लक्ष्य पूरा कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उनके इस सराहनीय योगदान के लिए सभी को शाल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सम्मानित बीएलओ में मतदान केंद्र 283 बमुरी की नीतू दुबे, मतदान केंद्र 45 रोझौहा की ममता सिंह, मतदान केंद्र 243 रामपुर के प्रेमसागर शर्मा, मतदान केंद्र 33 अमरवाह के गोविन्द प्रताप सिंह चौहान, तथा मतदान केंद्र 241 वार्ड 24 सीधी के इजरान मंसूरी शामिल हैं, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण डिजिटाइजेशन कार्य कर अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।

कार्यक्रम में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी बी.पी. पाण्डेय तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी 77 सीधी राकेश शुक्ला ने सभी बीएलओ की मेहनत और कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने बताया कि इन बीएलओ के समर्पित प्रयासों के परिणामस्वरूप सीधी विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर डिजिटाइजेशन का कार्य 60 प्रतिशत से अधिक पूर्ण किया जा चुका है।

अपर कलेक्टर ने शेष कार्य को समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए अन्य बीएलओ एवं अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सटीक और अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की ताकत है, इसलिए सभी अधिकारी इसे सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ पूर्ण करें।

इस अवसर पर उपखंड अधिकारी मझौली आर.पी. त्रिपाठी, उपखंड अधिकारी चुरहट शैलेष द्विवेदी, खनिज अधिकारी कपिल शुक्ला, तथा तहसीलदार गोपद बनास राकेश शुक्ला उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment