enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड का असर तेज, 22 से 24 नवंबर तक शीतलहर का अलर्ट

मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड का असर तेज, 22 से 24 नवंबर तक शीतलहर का अलर्ट

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- उत्तर भारत से आ रही ठंडी व शुष्क हवाओं के प्रभाव से मध्य प्रदेश में मौसम अचानक बदल गया है। राज्य के कई जिलों में दिन और रात दोनों तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने 22, 23 और 24 नवंबर के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।

राजधानी भोपाल, इंदौर, जबलपुर, सागर सहित प्रदेश के 21 जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री तक नीचे पहुंच गया है। कई इलाकों में दिन का तापमान भी औसत से कम दर्ज किया गया। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण रात के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है और सुबह के समय कोहरा भी दिखाई देने लगा है।

इन जिलों में ज्यादा ठंड

राजगढ़, पचमढ़ी, शिवपुरी, धार, उमरिया और निवाड़ी में तापमान 6 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। पचमढ़ी का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री तक पहुंच गया, जो इस सीजन में सबसे कम रहा।

स्कूलों के समय में बदलाव की संभावना

लगातार गिरते तापमान के चलते कई जिलों में स्कूल समय बदलने पर चर्चा शुरू हो गई है। बच्चों और बुजुर्गों के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।मौसम विभाग के अनुसार शीतलहर का असर 24 नवंबर तक बना रहेगा। उसके बाद तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है, हालांकि रातें ठंडी ही रहेंगी।

Share:

Leave a Comment