सीधी(ईन्यूज एमपी)- लोकसभा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ राजेश मिश्रा ने राष्ट्रीय जंबूरी 23 नवंबर से 29 नवंबर तक लखनऊ के लिए भारत स्काउट एवं गाइड के 19 सदस्यीय दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सांसद डॉक्टर मिश्रा ने सुखद और फलदायी यात्रा की कामना करते हुए सभी स्काउट और गाइड से आग्रह किया कि वे राष्ट्रीय स्तर की सभी प्रतियोगिता में शामिल हो और जिले का नाम रोशन करें। भारत स्काउट एवं गाइड के जिला अध्यक्ष सुरेंद्रमणि दुबे ने बताया कि राष्ट्रीय जंबूरी कैंप लखनऊ के लिए जिले से सलेक्टेड सात स्काउट और दस गाइड भाग ले रहे हैं। राष्ट्रीय जंबूरी में पूरे देश से लगभग 36000 से अधिक स्काउट और गाइड शामिल होकर स्काउटिंग से जुड़ी हुई गतिविधियों को संपादित करेंगे। जंबूरी में जिला दल नेता वरिष्ठ शिक्षक और भारत स्काउट गाइड के सचिव हरिशंकर पाण्डेय और यूनिट लीडर वरिष्ठ शिक्षक संयुक्त सचिव श्रीमती शशि गौतम छात्र-छात्राओं के साथ भाग लेंगी। इस अवसर पर सांसद डॉक्टर राजेश मिश्रा ने जिले से आए हुए स्काउट और गाइड को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2 परिसर से प्रातः काल राष्ट्रीय जंबूरी लखनऊ के लिए भारत स्काउट एवं गाइड के राज्य उपाध्यक्ष डॉ अजय मिश्रा, प्राचार्य शंभू नाथ त्रिपाठी, प्राचार्य रामाधार पांडेवा, जिला प्रशिक्षण आयुक्त राकेश रतन पाण्डेय, पीटीआई दिलीप वर्मा, पीटीआई माखन मिश्रा, स्काउट मास्टर देवेंद्र वर्मा की विशिष्ट उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया।