सीधी(ईन्यूज एमपी)-सीधी रेलवे स्टेशन में चल रहे निर्माण एवं उन्नयन कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु सांसद ने सोमवार को स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधूरे कार्यों, निर्माण की गुणवत्ता और कार्य की गति का विस्तार से अवलोकन किया। सांसद ने कहा कि स्टेशन विकास कार्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक सुविधा से जुड़ा है, इसलिए इसे निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाना अत्यंत आवश्यक है। सांसद ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। उन्होंने कहा कि यात्री सुविधाओं के विस्तार एवं स्टेशन को आधुनिक स्वरूप देने के लिए चल रही परियोजनाओं में देरी बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। निरीक्षण के दौरान सांसद ने प्लेटफार्म निर्माण, प्रतीक्षालय, शेड, मार्गदर्शक संकेतक, प्रकाश व्यवस्था और अन्य चल रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से प्रतिदिन कार्य प्रगति की निगरानी करने और आवश्यकतानुसार संसाधन बढ़ाने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण में प्रमुख रूप से शत्रुधन पटेल, जेडआरयूसीसी सदस्य डॉ. विक्रम सिंह, टीएसी सदस्य प्रमोद द्विवेदी, डिप्टी सीई अभिलीस कुमार मीना सहित रेलवे विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने स्टेशन परिसर में चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार बिंदुओं को चिन्हित किया। अधिकारियों ने सांसद को आश्वस्त किया कि निर्माण कार्य निर्धारित योजना के अनुसार गति पकड़ रहा है और जल्द ही स्टेशन को बेहतर सुविधाओं के साथ यात्रियों के लिए तैयार कर दिया जाएगा। सीधी रेलवे स्टेशन के उन्नयन को लेकर लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे नागरिकों में निरीक्षण के बाद उम्मीद बढ़ी है कि आने वाले समय में उन्हें एक आधुनिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित रेलवे स्टेशन की सुविधा प्राप्त होगी।