enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी में खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर पलटा, चालक की मौके पर मौत

सीधी में खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर पलटा, चालक की मौके पर मौत

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के मड़वास थाना क्षेत्र के अमहिया सोंधिया गांव में मंगलवार सुबह खेत की जुताई करते समय एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर अचानक पलट गया, जिससे चालक उसके नीचे दब गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

मृतक की पहचान गब्बूचंद उर्फ बाबूलाल साहू पिता जगदीश साहू (30) निवासी सोंधिया के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह सुबह अमहा गांव में खेत की जुताई करने गया था। जुताई के दौरान अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह पलटकर सीधे चालक के ऊपर जा गिरा। इससे बाबूलाल गंभीर रूप से घायल हुआ और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी मड़वास से टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजन रो-रोकर बेसुध हो गए हैं।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से खेतों में मशीनरी चलाते समय सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।

Share:

Leave a Comment