enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी:निर्वाचन कार्य में लापरवाही, तीन बीएलओ को कारण बताओ नोटिस

सीधी:निर्वाचन कार्य में लापरवाही, तीन बीएलओ को कारण बताओ नोटिस

आपराधिक प्रकरण दर्ज करने का प्रस्ताव भी भेजा गया

सीधी(ईन्यूज एमपी)- धौहनी विधानसभा क्षेत्र-82 के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने पर तीन बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इन अधिकारियों पर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान कार्यक्षेत्र में गैरमौजूद रहने और सहयोग न करने का आरोप है। कलेक्टर ने इनके विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज करने का प्रस्ताव भी भेजा है।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 28 अक्टूबर से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य शुरू किया गया है। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 फरवरी 2026 को होना है। इस प्रक्रिया में धौहनी क्षेत्र के धर्मजीत सिंह करमाई, छविलाल नापित (चमराडोल) और शिवशरण सिंह (सेमरिहा) को बीएलओ नियुक्त किया गया था।

निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा 15 नवंबर को किए गए क्षेत्र निरीक्षण में तीनों बीएलओ अपने-अपने कार्यक्षेत्र में अनुपस्थित पाए गए। अधिकारियों के साथ लगाए गए शासकीय सेवकों द्वारा भी सहयोग न करने की शिकायत सामने आई। इसे निर्वाचन आयोग के महत्वपूर्ण कार्य में बाधा पैदा करना माना गया है, जो पदीय दायित्वों का स्पष्ट उल्लंघन है।

लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 32 के अनुसार, मतदाता सूची तैयार करने से जुड़े कर्तव्यों का उल्लंघन एक आपराधिक कृत्य है और इस पर दंड का प्रावधान है। इसी आधार पर तीनों बीएलओ पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने का प्रस्ताव तैयार कर भेजा गया है।

अधिकारियों को नोटिस जारी करते हुए निर्देश दिया गया है कि वे 24 घंटे के भीतर मतदाता सूची तथा एसआईआर से संबंधित कार्यों का निर्वहन शुरू करें और लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। निर्धारित समय में जवाब प्राप्त न होने या असंतोषजनक पाए जाने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Leave a Comment