enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश रेत लदे ट्रैक्टर में घुसी फार्चुनर कार, पांच लोगों की मौत

रेत लदे ट्रैक्टर में घुसी फार्चुनर कार, पांच लोगों की मौत

ग्वालियर(ईन्यूज एमपी)- ग्वालियर-झांसी हाईवे पर रविवार सुबह 6.30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मालवा कॉलेज के सामने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में एक फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार सभी पाँच व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से राहत कार्य शुरू किया गया। खबर लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार फॉर्च्यूनर (एमपी 07 सीजी 9006) झांसी की ओर से ग्वालियर की तरफ आ रही थी। जैसे ही वाहन मालवा कॉलेज के सामने मोड़ पर पहुंचा, सामने अचानक रेत से भरी ट्रॉली आ गई। तेज रफ्तार होने के कारण गाड़ी चालक वाहन को संभाल नहीं पाया और कार सीधे ट्रैक्टर-ट्रॉली के पिछले हिस्से में घुस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह ट्रॉली के नीचे दब गया और पांचों लोग मौके पर ही दम तोड़ बैठे।

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि टक्कर की आवाज कई मीटर दूर तक सुनाई दी। फॉर्च्यूनर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और शव कार और ट्रॉली के बीच फंसे रहे। सूचना मिलते ही झांसी रोड थाना पुलिस पहुंची और कटर मशीन मंगवाकर वाहन को काटकर शवों को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की गई।

एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि झांसी रोड थाना क्षेत्र में यह बड़ा हादसा हुआ है। फॉर्च्यूनर में सवार पांच लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने वाहनों को डायवर्ट कर मार्ग को सुचारू किया।

Share:

Leave a Comment