सीधी(ईन्यूज एमपी)-सोन घड़ियाल अभयारण्य में 13 नवंबर को एक महत्वपूर्ण संरक्षण कार्य सम्पन्न हुआ। इस मोहिम के तहत 25 अवयस्क घड़ियाल तथा 25 वटागुर कछुए अभयारण्य में छोड़े गए। इस कार्य को संजय टाइगर रिजर्व (सीधी) के क्षेत्र संचालक एवं उप-संचालक के निर्देशन में अंजाम दिया गया। यह वन्यजीवों को सुरक्षित आवास-वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में लिया गया कदम है। इन घड़ियालों एवं कछुओं को राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य (देवरी-मुरैना-अम्बाह) से लाया गया था। टोली में प्रमोद सिंह, अधीक्षक मनीराम धुर्वे, परिक्षेत्राधिकारी जोखीलाल प्रजापति सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी एवं वनरक्षक शामिल थे। घड़ियालों को दो स्थानों पर छोड़ा गया: रामपुर नैकिन परिक्षेत्र की बीट दादर के टेढ़ीदह घाट में 12 नग सीधी परिक्षेत्र के जोगदह घाट में 13 नग वहीं 25 नग वटागुर कछुओं को उसी जोगदह घाट के सोन नदी में प्रवाहित किया गया। वन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इससे पहले वर्ष 2019 में इस अभयारण्य में 34 जुवेनाइल घड़ियाल और 50 वटागुर कछुओं का छोड़-प्रवेश हो चुका है। विभाग ने इस प्रकार की गतिविधियों को इलाके की पारिस्थितिकी व जैवविविधता के समर्थन में अहम बताया है।