सीधी(ईन्यूज एमपी)- अमिलिया थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार में सोमवार सुबह लगभग 11:10 बजे तीन मोटरसाइकिलें आपस में टकरा गईं। हादसे में एक बाइक सवार युवक घायल हो गया, जबकि अन्य दो स्थानीय बाइक सवार मौके से फरार हो गए। घायल युवक उत्तर प्रदेश के होलिया, शाहजी का निवासी बताया गया है। उसके पैर में चोट आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक घायल अवस्था में ही अपनी मोटरसाइकिल उठाकर आगे की ओर रवाना हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अमिलिया बाजार में ट्रैफिक व्यवस्था बेहद अव्यवस्थित है। सड़क पर अनैतिक रूप से खड़ी गाड़ियों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। भीड़भाड़ के समय बाजार में चलना तक मुश्किल हो जाता है, लेकिन स्थिति सुधारने में पुलिस-प्रशासन नाकाम नजर आ रहा है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि बाजार में यातायात व्यवस्था दुरुस्त की जाए और अवैध पार्किंग पर तत्काल रोक लगाई जाए, ताकि लगातार हो रहे हादसों पर काबू पाया जा सके।