enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश भोपाल में चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक भर्ती, अधोसंरचना और सेवाओं की गुणवत्ता सुधार पर उप मुख्यमंत्री शुक्ल के निर्देश

भोपाल में चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक भर्ती, अधोसंरचना और सेवाओं की गुणवत्ता सुधार पर उप मुख्यमंत्री शुक्ल के निर्देश

भोपाल(ईन्यूज एमपी)-उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में चिकित्सा शिक्षा विभाग की विस्तृत समीक्षा करते हुए विभागीय कार्यों में पारदर्शिता, गति और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में चिकित्सा शिक्षा संस्थानों की स्थिति, अधोसंरचना विकास परियोजनाओं, भर्ती प्रक्रियाओं तथा अस्पताल सेवाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि पीईबी और मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से संचालित भर्ती प्रक्रियाओं को समयबद्ध और त्वरित रूप से पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक चरण की नियमित मॉनिटरिंग अनिवार्य रूप से की जाए।

अधोसंरचना विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य, उपकरण स्थापना और नवीन स्वास्थ्य इकाइयों से संबंधित परियोजनाएं तय समय सीमा में पूरी हों। यदि किसी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक बाधा आती है, तो उसे प्राथमिकता से हल किया जाए, जिससे जनता को समय पर सुविधाएं मिल सकें।

अस्पतालों में ओपीडी सेवाओं पर विशेष जोर देते हुए शुक्ल ने कहा कि मरीजों को समय पर परामर्श मिलना चाहिए। इसके लिए निर्धारित समय में चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।

शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता और शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने के उद्देश्य से उन्होंने शिक्षकों के भत्तों को और अधिक आकर्षक बनाने हेतु प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट शिक्षकों को बनाए रखने के लिए यह कदम अत्यंत आवश्यक है।

बैठक में अपर मुख्य सचिव (वित्त) मनीष रस्तोगी, प्रमुख सचिव (लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा) संदीप यादव सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment