सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देश पर खनिज विभाग, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा नियमित निरीक्षण और निगरानी की जा रही है। ताजा कार्रवाई में 5 नवंबर 2025 को ग्राम टिकरी, तहसील मड़वास में अवैध रेत भंडारण की शिकायत पर खनिज निरीक्षक देवेंद्र महोबे और थाना प्रभारी मड़वास भूपेश वैध की टीम ने निरीक्षण किया। जांच के दौरान करीब 90 घनमीटर रेत का अवैध भंडारण पाया गया। टीम ने रेत को जब्त कर प्रकरण दर्ज किया और नियमानुसार ग्राम पंचायत की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया है। खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत की गई है। जिले में अक्टूबर माह के दौरान 12 और नवंबर माह में अब तक 7 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन कार्रवाइयों में कुल 18 वाहन जब्त किए गए हैं और अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण करने वालों पर ₹11,76,620 का जुर्माना प्रस्तावित किया गया है। इनमें से 14 प्रकरणों में कलेक्टर सोमवंशी द्वारा ₹6,97,776 की राशि का दंड अधिरोपित कर शासकीय कोष में जमा कराया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में रेत के अवैध कारोबार पर किसी भी सूरत में ढिलाई नहीं बरती जाएगी। अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए संयुक्त टीम की कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।