सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के कमर्जी थाना क्षेत्र अंतर्गत सलैया ग्राम पंचायत के पास आज गुरूवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। अमिलिया से सीधी आ रही द्विवेदी ट्रेवल्स की यात्री बस (एमपी 53 पी 0636) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्डे में जा गिरी, जिसमें तीन महिलाओं सहित आधा दर्जन लोग घायल हो गए। थाना प्रभारी विवेक द्विवेदी ने बताया कि हादसा सुबह लगभग 10 बजे हुआ, जब बस चालक ने सामने से आ रहे बाइक सवार को बचाने की कोशिश की। इसी दौरान बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय सीधी भिजवाया गया। घायलों में सूरजकली साकेत (35), आफताब अहमद (25), खुशबू कारपेंटर (18) और मनीषा पटेल (17) सहित अन्य लोग शामिल हैं। बाइक सवार आफताब अहमद, जो एक निजी बैंक में कार्यरत हैं, को अधिक चोटें आई हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे का मुख्य कारण सिंगल रोड और तेज रफ्तार रही। पुलिस ने बस और बाइक दोनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल सभी घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।