enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश सीधी, सिंगरौली, रीवा, सतना, मऊगंज और उमरिया में होगी कोदो-कुटकी की खरीदी — मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश, किसानों के पंजीयन में तेजी लाने के आदेश

सीधी, सिंगरौली, रीवा, सतना, मऊगंज और उमरिया में होगी कोदो-कुटकी की खरीदी — मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश, किसानों के पंजीयन में तेजी लाने के आदेश

भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को राज्यभर के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और जनहित से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने आगामी खरीफ उपार्जन सत्र की तैयारियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 दिसंबर से प्रदेश में कोदो और कुटकी की खरीदी समर्थन मूल्य पर प्रारंभ की जाएगी, जिसके लिए रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज और उमरिया जिलों को किसानों के पंजीयन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक पात्र किसान को उसका उचित मूल्य समय पर मिले। कोदो-कुटकी जैसे पोषक अनाजों की खरीदी से न केवल किसानों की आमदनी बढ़ेगी बल्कि प्रदेश में मिलेट मिशन को भी बल मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश की कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी जिलों के कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए कि धार्मिक, ऐतिहासिक और सार्वजनिक स्थलों पर मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे संवेदनशील स्थलों पर चौकसी बढ़ाई जाए तथा वीआईपी यात्राओं के दौरान सुरक्षा चाक-चौबंद रखी जाए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल में होने वाले इजिमा मेले में लाखों श्रद्धालु शामिल होंगे। इसके लिए भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और यातायात नियंत्रण की विशेष व्यवस्था की जाए। उन्होंने असामाजिक तत्वों और अपराधियों पर कठोर कार्रवाई करने तथा मैदानी अमले की सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि 15 नवम्बर को जबलपुर और अलीराजपुर में जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किए जाएंगे। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को सभी जिलों में हर्षोल्लास से मनाने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि 13 नवम्बर को सिंगल क्लिक के माध्यम से सोयाबीन उत्पादक किसानों को 230 करोड़ रुपये की भावांतर राशि जारी की जाएगी, जिससे लगभग 1.25 लाख किसानों को लाभ मिलेगा।

मुख्य सचिव अनुराग जैन ने नरवाई जलाने की घटनाओं पर चिंता जताते हुए अधिकारियों से कहा कि इस पर सख्ती से रोक लगाई जाए और किसानों को रोटावेटर, हैप्पी सीडर और सुपर सीडर जैसी आधुनिक कृषि तकनीकों के उपयोग हेतु प्रेरित किया जाए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान कलेक्ट्रेट के एनआईसी केंद्र से सीधी कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी और पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि वे किसानों के हितों और आमजन की सुरक्षा दोनों मोर्चों पर पूरी जिम्मेदारी से कार्य करें।

Share:

Leave a Comment