enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश दिल्ली धमाके के बाद मध्य प्रदेश में हाई अलर्ट, महाकाल मंदिर से लेकर रेलवे स्टेशन तक बढ़ाई गई सुरक्षा

दिल्ली धमाके के बाद मध्य प्रदेश में हाई अलर्ट, महाकाल मंदिर से लेकर रेलवे स्टेशन तक बढ़ाई गई सुरक्षा

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए भीषण धमाके के बाद मध्य प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। राज्य सरकार ने सभी जिलों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

पुलिस ने मंदिरों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मॉल और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किए हैं। उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस के साथ बम डिटेक्शन एंड डिस्पोज़ल स्क्वॉड (BDDS) को लगाया गया है।

भोपाल रेलवे स्टेशन पर रविवार देर रात से ही जीआरपी, आरपीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। यात्रियों के बैग, प्लेटफॉर्म और पार्किंग क्षेत्रों में डॉग स्क्वायड की मदद से जांच की गई।

इंदौर और ग्वालियर में भी पुलिस ने होटलों, लॉजों और सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। वहीं जबलपुर में रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और धार्मिक स्थलों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है।

गृह विभाग ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को सतर्क रहने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और नागरिकों से समन्वय बनाकर सूचनाएं तत्काल साझा करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या वस्तु की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। दिल्ली धमाके के बाद राज्य की सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं और हर स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।

Share:

Leave a Comment