सीधी जिले के चितवरिया गांव में देर रात घटी घटना, ग्रामीणों में मातम का माहौल सीधी(ईन्यूज एमपी)-जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम चितवरिया नंबर 3 में रविवार देर रात धान मिजाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। धान मिजाई के लिए जा रहा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उस पर सवार दो किशोर उसकी चपेट में आ गए। हादसे में 16 वर्षीय अनीश पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 वर्षीय अजय पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा रात करीब 11 से 12 बजे के बीच हुआ। बताया गया कि गांव में धान की मिजाई के लिए ट्रैक्टर-थ्रेशर मशीन ले जाई जा रही थी। रास्ते में एक तीखे मोड़ पर ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। ट्रैक्टर पर चार बच्चे सवार थे, जिनमें से दो किसी तरह कूदकर बच गए, लेकिन दो किशोर वाहन के नीचे दब गए। **मृतक और घायल की पहचान** मृतक की पहचान अनीश पटेल (पिता–अवधेश पटेल), उम्र 16 वर्ष, निवासी चितवरिया नंबर 3 के रूप में हुई है। वहीं, घायल अजय पटेल (पिता–बंश बहोर), उम्र 10 वर्ष है, जिसे गंभीर चोटें आई हैं। घायल बच्चे को तत्काल जिला अस्पताल सीधी भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। **गांव में पसरा मातम, पुलिस ने शुरू की जांच** घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में मातम का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और पंचायत को सूचना दी। मौके पर पूर्व सरपंच रामविलास पटेल और ग्राम रोजगार सहायक संदीप तिवारी पहुंचे। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया और शव को सिहावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। अमिलिया पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रैक्टर का तेज मोड़ पर असंतुलित होना बताया जा रहा है।