भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाने सहित कई अहम निर्णय लिए गए। अब राज्य की एक करोड़ 26 लाख लाड़ली बहनों के खातों में 12 नवंबर को 1500 रुपए की राशि जमा की जाएगी। मुख्यमंत्री सिवनी से सिंगल क्लिक के जरिए यह राशि ट्रांसफर करेंगे। दरअसल, भाई दूज के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाड़ली बहना योजना की राशि 1250 रुपए से बढ़ाकर 1500 रुपए करने की घोषणा की थी। कैबिनेट बैठक में इस निर्णय को मंजूरी दे दी गई। बैठक के बाद सरकार के प्रवक्ता और मंत्री चैतन्य काश्यप ने बताया कि अब तक मार्च 2023 से लाड़ली बहनों को लगभग 44 हजार करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है। इस वर्ष इस योजना पर करीब 20 हजार 450 करोड़ रुपए का खर्च प्रस्तावित है। बिरसा मुंडा जयंती पर दो बड़े कार्यक्रम कैबिनेट बैठक में यह भी तय हुआ कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर दो बड़े राज्यस्तरीय आयोजन होंगे। एक कार्यक्रम जबलपुर में और दूसरा आलीराजपुर में आयोजित किया जाएगा। जबलपुर के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे। इसी दिन प्रदेश के सभी जिलों में जिला स्तरीय कार्यक्रम भी होंगे, जिनमें शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनजातीय प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। भावांतर योजना से किसानों को मिलेगा लाभ बैठक में किसानों को राहत देते हुए निर्णय लिया गया कि सोयाबीन पर किसानों को भावांतर योजना के तहत औसतन 1300 रुपए प्रति क्विंटल का भुगतान किया जाएगा। मुख्यमंत्री 13 नवंबर को देवास से करीब 1 लाख 32 हजार किसानों को 300 करोड़ रुपए की राशि खातों में ट्रांसफर करेंगे। अब तक राज्य में 1 लाख 60 हजार किसानों ने लगभग 2 लाख 70 हजार क्विंटल सोयाबीन बेची है। सरकार प्रतिदिन का मॉडल रेट जारी कर रही है, जिससे किसानों को पारदर्शी तरीके से भुगतान हो सकेगा। सरकारी भवनों पर लगेंगे सोलर पैनल बैठक में यह भी निर्णय हुआ कि प्रदेश के सभी सरकारी भवनों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाया जाएगा। यह काम *रेस्को योजना* के तहत पीपीपी मॉडल पर किया जाएगा, जिसमें शासन की कोई वित्तीय भागीदारी नहीं होगी। प्रत्येक जिले में 20 किलोवॉट क्षमता के सोलर प्रोजेक्ट का एक ही टेंडर किया जाएगा। ओंकारेश्वर में एकात्म धाम परियोजना को अतिरिक्त मंजूरी बैठक में ओंकारेश्वर में बन रहे एकात्म धाम परियोजना से जुड़े कार्यों को लेकर भी निर्णय हुआ। 108 फीट ऊंची धातु से निर्मित आदि शंकराचार्य प्रतिमा का निर्माण पूरा हो चुका है। इस परियोजना के लिए 228 करोड़ रुपए की अतिरिक्त स्वीकृति दी गई है, जिससे कुल स्वीकृति राशि अब 2195 करोड़ से बढ़कर 2423 करोड़ रुपए हो गई है। महिला खिलाड़ियों के लिए सौगात महिला सशक्तिकरण की दिशा में सरकार ने एक बड़ा निर्णय लिया है। महिला क्रिकेट विश्वकप खिलाड़ी क्रांति गौड़ को राज्य सरकार की ओर से एक करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। अन्य फैसले कैबिनेट ने यह भी निर्णय लिया कि बिजली बिल समाधान योजना के अंतर्गत किसान और घरेलू उपभोक्ता 30 दिसंबर तक सरचार्ज से संबंधित विसंगतियों को दुरुस्त करा सकेंगे। इसके अलावा मांधाता में एक नया सिविल न्यायालय स्थापित किया जाएगा, जिसके लिए सात नए पदों की स्वीकृति दी गई है।