enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश वंदे मातरम के 150 वर्ष: देशभर में उत्सव, मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल से की अभियान की शुरुआत

वंदे मातरम के 150 वर्ष: देशभर में उत्सव, मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल से की अभियान की शुरुआत

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा ने इसे देशभर में उत्सव के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को भोपाल के शौर्य स्मारक और भाजपा प्रदेश कार्यालय से वंदे मातरम के मूल स्वरूप में सामूहिक गायन अभियान की शुरुआत की।

शौर्य स्मारक पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ मंत्री कृष्णा गौर, विश्वास सारंग, सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, रामेश्वर शर्मा, महापौर माली श्री राय, एसीएस अशोक वर्णवाल, प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह, डीजीपी कैलाश मकवाना, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल और पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्रा मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि वंदे मातरम का मूल मंत्र हमेशा से हमें प्रेरित करता रहा है। जब भी किसी देश में स्वतंत्रता की भावना प्रबल होती है, तब ऐसे गीत राष्ट्र के भीतर नई चेतना और ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि *वंदे मातरम* गीत में दुर्गा, लक्ष्मी और सरस्वती तीनों देवियों की शक्ति का समावेश है, जो राष्ट्र की शक्ति, समृद्धि और ज्ञान का प्रतीक है।

उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रभक्ति गीतों ने देश की आजादी की अलख जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। 19वीं शताब्दी से शुरू हुई यह प्रेरणादायक यात्रा आज भी हम सबके लिए संकल्प और एकता का प्रतीक बनी हुई है।

प्रदेश के 10 संभागों में विशेष आयोजन
इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत मध्यप्रदेश में 10 संभागीय मुख्यालयों और ऐतिहासिक स्थलों पर विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। वंदे मातरम गायन के बाद स्वदेशी का संकल्प भी सामूहिक रूप से लिया गया। इन आयोजनों में प्रदेश के मंत्री, सांसद, विधायक और वरिष्ठ भाजपा नेता शामिल हुए।

मुख्यमंत्री से लेकर मंत्री तक अलग-अलग स्थलों पर शामिल हुए नेता

* मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव – शौर्य स्मारक, भोपाल
* उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल – कलेक्टर कार्यालय, रीवा
* मंत्री कैलाश विजयवर्गीय – कलेक्टर कार्यालय, इंदौर
* मंत्री राकेश सिंह – कलेक्टर कार्यालय, जबलपुर
* मंत्री राव उदय प्रताप सिंह – कलेक्टर कार्यालय, नर्मदापुरम
* मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर – कलेक्टर कार्यालय, ग्वालियर
* मंत्री गोविंद सिंह राजपूत – कलेक्टर कार्यालय, सागर
* मंत्री एंदल सिंह कंसाना – कलेक्टर कार्यालय, मुरैना
* मंत्री दिलीप जायसवाल – कलेक्टर कार्यालय, शहडोल
* मंत्री गौतम टेटवाल – कलेक्टर कार्यालय, उज्जैन

भाजपा द्वारा आयोजित 10 प्रमुख स्थान

1. भाजपा प्रदेश कार्यालय, भोपाल
2. मां नर्मदा तट सेठानी घाट, नर्मदापुरम
3. शहीद रामप्रसाद बिस्मिल स्मारक, मुरैना
4. रानी लक्ष्मीबाई बलिदान स्थल, ग्वालियर
5. रानी लक्ष्मीबाई स्मारक, सागर
6. शहीद पद्मधर स्मारक, रीवा
7. शहीद स्मारक, शहडोल
8. शहीद रघुनाथ शाह-शंकर शाह बलिदान स्थल, जबलपुर
9. देवी अहिल्याबाई स्मारक स्थल, इंदौर
10. शौर्य स्मारक, भोपाल

यह अभियान 7 नवंबर से 26 नवंबर (संविधान दिवस) तक चलेगा। इस दौरान हर जिले और शैक्षणिक संस्थानों में वंदे मातरम के गायन और स्वदेशी संकल्प कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि राष्ट्रगीत की प्रेरणा जन-जन तक पहुंच सके।

Share:

Leave a Comment