सतना जिले के कोठी थाना क्षेत्र के ग्राम दिदौंध में घटी वारदात, आरोपी फरार सतना(ईन्यूज एमपी)- कोठी थाना क्षेत्र के ग्राम दिदौंध में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई, जहां गांव के ही दो युवकों ने किराने की दुकान में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी दुकान जलकर राख हो गई। जानकारी के अनुसार, ग्राम दिदौंध निवासी प्रियंका किराना स्टोर में देर रात बच्चा त्रिवेदी और कृष्णा त्रिवेदी नामक युवकों ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। देखते ही देखते दुकान में रखे सामान धू-धू कर जलने लगे। घटना के समय दुकान संचालक रामप्रकाश कुशवाहा भी वहीं मौजूद थे, जो आग की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरी दुकान और अंदर रखा सामान जलकर खाक हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही कोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ आगजनी और हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपी गांव के आदतन अपराधी बताए जा रहे हैं, जो पूर्व में भी कई विवादों और अपराधों में शामिल रह चुके हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और गांव में सुरक्षा की दृष्टि से गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।