भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में बेमौसम बादल छाए हुए हैं और हल्की बारिश के साथ ठंडी हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के 29 जिलों में अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 3 नवंबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में प्रवेश करेगा, जिसका असर मध्यप्रदेश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में देखने को मिलेगा। इसके चलते अगले दो दिनों तक कहीं-कहीं हल्की वर्षा और कुहासे की स्थिति बनी रहेगी। भोपाल, विदिशा, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं कटनी, मंडला, बालाघाट, मैहर और पांढुर्णा में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि अरब सागर में सक्रिय ‘मोंथा’ तूफान का अप्रत्यक्ष असर भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में देखने को मिल रहा है, जिसके कारण हवा की रफ्तार बढ़ गई है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 48 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में दिन का तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है।