फैक्ट्री परिसर में मिला मृत तेंदुआ, वन विभाग में मचा हड़कंप जबलपुर(ईन्यूज एमपी)-सिहोरा स्थित मेसर्स निसर्ग इस्पात प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री परिसर में एक मृत तेंदुआ मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग का क्षेत्रीय अमला मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी। घटना स्थल पर *डॉग स्क्वाड* की मदद से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेंदुए की मौत संदिग्ध प्रतीत हो रही है। सूत्रों के मुताबिक मृत तेंदुए के *नाखून और दांत गायब* पाए गए हैं, जिससे *शिकार की आशंका* भी जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, यह फैक्ट्री *रायपुर के बड़े कारोबारी समूह महेंद्र गोयनका* की कंपनी है। तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम हेतु *वेटरनरी कॉलेज जबलपुर* भेजा गया है, जहां आज उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा। बताया गया है कि घटना स्थल के पास से एक जंगली सुअर का शव भी बरामद हुआ है। उल्लेखनीय है कि *12 अक्टूबर* को भी इसी इलाके में एक जंगली सुअर मृत मिला था, जिसकी जांच वन विभाग द्वारा पहले से की जा रही है। वन विभाग के अधिकारी तेंदुए की मृत्यु के सूक्ष्म कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।