enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश बघेलखंड सांस्कृतिक ट्रस्ट द्वारा,सीधी की दो महिला अधिकारी सम्मानित

बघेलखंड सांस्कृतिक ट्रस्ट द्वारा,सीधी की दो महिला अधिकारी सम्मानित

बघेलखंड सांस्कृतिक ट्रस्ट द्वारा, सीधी की दो महिला अधिकारी सम्मानित

सीधी(ईन्यूज एमपी)- बघेलखंड सांस्कृतिक ट्रस्ट द्वारा भोपाल में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह के अवसर पर सीधी में पदस्थ सहायक महिला बाल विकास अधिकारी सुश्री अंजली पांडे तथा सहायक ट्रेजरी अधिकारी सुश्री अदिति मर्सकोले को शाल, श्रीफल तथा स्मृति चिन्ह भेंट करके सम्मानित किया गया। सम्मानित दोनों महिला अधिकारी बघेलखंड क्षेत्र के निवासी हैं जो सामान्य परिवारों से आती हैं किंतु अपने मेहनत लगन से राज्य सेवा आयोग में सफलता हासिल करके इस मुकाम तक पहुंची।

प्रतिभा सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर,विशिष्ट अतिथि पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह तथा रीवा महापौर अजय मिश्रा बाबा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बघेलखंड सांस्कृतिक ट्रस्ट के अध्यक्ष अजय सिंह राहुल भैया ने की। सम्मानित सभी युवा अधिकारियों को सम्मानित करते हुए शुभकामनाएं दी गई।

राहुल भैया ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि- इस समारोह का उद्देश्य प्रतिभाओं को सम्मानित करने के साथ ही उन्हें निष्ठा के साथ जन सेवा के लिए प्रोत्साहित करना है। इन प्रतिभाओं के सफलता की कहानी आगे आने वाली युवा पीढ़ी को प्रेरणा देगी।राहुल भैया ने आगे कहा कि रीवा संभाग की युवा पीढ़ी अपने बुद्धि कौशल से कब, कहां, किन ऊंचाइयों तक पहुंच जाए इसकी कल्पना नहीं की जा सकती। तानसेन और बीरबल जैसी प्रतिभाएं इसका प्रमाण है।

समारोह में लगभग 59 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बघेलखंड सांस्कृतिक ट्रस्ट द्वारा प्रकाशित स्मारिका बघेली दर्पण का भी लोकार्पण किया गया। पूर्व कुलपति डॉक्टर कमलाकर सिंह के द्वारा बघेलखंड सांस्कृतिक ट्रस्ट के गठन, गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों तथा आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन आकाशवाणी के रिटायर्ड कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर कृष्णपाल सिंह ने किया।

Share:

Leave a Comment