enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश लाड़ली बहनों के खाते में आज आएंगे 250 रुपए

लाड़ली बहनों के खाते में आज आएंगे 250 रुपए

लाड़ली बहनों के खाते में आज आएंगे 250 रुपए

भाईदूज पर सीएम बोले — श्रीकृष्ण-सुभद्रा के स्नेह की भावना से प्रेरित है योजना

भोपाल(ईन्यूज एमपी)-भाईदूज के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज प्रदेश की 1.27 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में 250 रुपए की राशि ट्रांसफर करेंगे। यह ट्रांसफर सीएम निवास में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान किया जाएगा। अब तक इस योजना के तहत 44,917.92 करोड़ रुपए की राशि सीधे बहनों के खातों में पहुंचाई जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना केवल आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम नहीं, बल्कि प्रेम और सुरक्षा की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा — “भगवान श्रीकृष्ण और सुभद्रा का रिश्ता भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और संरक्षण की सबसे सुंदर मिसाल है। उसी भावना से हमारी सरकार भी प्रदेश की हर लाड़ली बहन की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की साथी है।”

सीएम डॉ. यादव ने कहा कि भाईदूज का पर्व भारतीय संस्कृति में प्रेम और जिम्मेदारी का प्रतीक है। यह केवल एक त्यौहार नहीं बल्कि उस रिश्ते का उत्सव है जिसमें भाई अपनी बहन के सुख-दुख और सम्मान की रक्षा का वचन निभाता है। उन्होंने कहा कि “बहनों की मुस्कान ही समाज की समृद्धि का आधार है।”

सरकार ने घोषणा की है कि नवंबर माह से लाड़ली बहनों को एक साथ 1500 रुपए की राशि दी जाएगी। इसके लिए 300 करोड़ रुपए से अधिक का बजटीय प्रावधान किया गया है।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी उपस्थित रहेंगे। सीएम निवास पहुंचने वाली लाड़ली बहनों का मुख्यमंत्री पुष्पवर्षा से स्वागत करेंगे।

भाईदूज के इस अवसर पर लाड़ली बहना योजना ने एक बार फिर भाई-बहन के स्नेह और जिम्मेदारी की परंपरा को नया अर्थ दिया है।

Share:

Leave a Comment