enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश उप मुख्यमंत्री ने बसामन मामा गौवंश वन्य विहार और लक्ष्मणबाग में किया गोवर्धन एवं गौपूजन

उप मुख्यमंत्री ने बसामन मामा गौवंश वन्य विहार और लक्ष्मणबाग में किया गोवर्धन एवं गौपूजन

गोवर्धन पूजा प्रकृति से जुड़ने की देती है सीख — उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल

बसामन मामा गौवंश वन्य विहार और लक्ष्मणबाग में किया गोवर्धन एवं गौपूजन

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि किसानों और गौवंश की उन्नति से ही प्रदेश और देश समृद्धशाली बन सकता है। गोवर्धन पूजा और गौपूजन हमारी सनातन परंपरा का प्रतीक है, जो हमें प्रकृति से जुड़ने और उसकी रक्षा करने की प्रेरणा देती है।

उप मुख्यमंत्री मंगलवार को रीवा जिले के लक्ष्मणबाग गौशाला और बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में आयोजित गोवर्धन पूजा एवं गौपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर गौ-सेवा का संकल्प दोहराया।

शुक्ल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोकुल और गौवंश की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत धारण किया था। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में दुग्ध उत्पादन दोगुना करने के लक्ष्य की दिशा में कार्य कर रही है। गौपालकों को अतिरिक्त अनुदान राशि दी जा रही है और गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास जारी हैं।

उन्होंने कहा कि गौवंश से जुड़ी वस्तुओं को बाजार उपलब्ध कराने के लिए भी सरकार विशेष पहल कर रही है। गोवर्धन पूजा जैसे आयोजनों से समाज में पर्यावरण संरक्षण और गौ-संवर्धन के प्रति जागरूकता बढ़ती है।

उप मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर गायों को भोजन कराया और गौ-सेवा में उल्लेखनीय कार्य करने वाले समाजसेवियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment