enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मध्यप्रदेश से तीन राज्यों को मिलेगा बाघों का तोहफा

मध्यप्रदेश से तीन राज्यों को मिलेगा बाघों का तोहफा

मध्यप्रदेश से तीन राज्यों को मिलेगा बाघों का तोहफा
कान्हा, बांधवगढ़ और पेंच टाइगर रिजर्व से भेजे जाएंगे 10 बाघ

भोपाल। मध्यप्रदेश ने वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाते हुए तीन राज्यों को बाघों का तोहफा देने की तैयारी शुरू कर दी है। राज्य सरकार ने 10 बाघों को अन्य राज्यों में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए संबंधित राज्यों को पत्र भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश के कान्हा, बांधवगढ़ और पेंच टाइगर रिजर्व से 10 बाघ — नर और मादा — ट्रांसलोकेट किए जाएंगे। ये बाघ *उड़ीसा, राजस्थान और छत्तीसगढ़* को दिए जाएंगे। राज्य सरकार ने इन राज्यों से कहा है कि वे बाघों के लिए उचित व्यवस्था जैसे बाड़ा निर्माण, ट्रैकिंग, मॉनिटरिंग सिस्टम और रेडियो कॉलर की तैयारी पहले से सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पूर्व में आयोजित बैठक में निर्देश दिए थे कि मध्यप्रदेश वन्य प्राणियों के संरक्षण में अग्रणी भूमिका निभाएगा और जिन राज्यों को बाघ उपलब्ध कराए जा रहे हैं, उनसे अन्य वन्य प्रजातियों के आदान-प्रदान पर भी विचार किया जाए।

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह पहल न केवल जैव विविधता के संरक्षण में सहायक होगी, बल्कि देश के अन्य हिस्सों में बाघों की संख्या बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Share:

Leave a Comment