enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश रिटायर्ड ईएनसी मेहरा के पास ‘मनी’ के साथ ‘हनी’ भी मिली – लोकायुक्त ने उजागर की धनकुबेर की संपत्ति

रिटायर्ड ईएनसी मेहरा के पास ‘मनी’ के साथ ‘हनी’ भी मिली – लोकायुक्त ने उजागर की धनकुबेर की संपत्ति

रिटायर्ड ईएनसी मेहरा के पास ‘मनी’ के साथ ‘हनी’ भी मिली – लोकायुक्त ने उजागर की धनकुबेर की संपत्ति
भोपाल।
मध्यप्रदेश लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार को लोक निर्माण विभाग (PWD) के रिटायर्ड इंजीनियर-इन-चीफ (ईएनसी) गोविंद प्रसाद मेहरा के ठिकानों पर की गई छापेमारी में करोड़ों की संपत्ति का खुलासा किया है। छापे के दौरान जहां बड़ी मात्रा में नकदी, सोना, चांदी और एफडी मिली, वहीं उनके फार्म हाउस से 17 टन शहद, 6 ट्रैक्टर, कई गौशालाएं, मछली पालन केंद्र और महंगे कृषि उपकरण भी बरामद किए गए। अब तक की गणना में करीब 10 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति का पता चला है।

कहां से क्या मिला

1. ग्राम सैनी, जिला नर्मदापुरम:
मेहरा के इस फार्महाउस से 17 टन शहद, 6 ट्रैक्टर, 2 बड़े तालाब, 2 गौशालाएं, 32 निर्माणाधीन और 7 तैयार कॉटेज, हाइटेक मछली पालन केंद्र, एक मंदिर और कई कृषि उपकरण मिले। यहां करोड़ों की कृषि संपत्ति और दस्तावेज जब्त किए गए।

2. मणीपुरम कॉलोनी, विट्ठल मार्केट, भोपाल:
यहां से 8.79 लाख रुपए नकद, 50 लाख के सोना-चांदी के जेवर, 56 लाख की फिक्स डिपॉजिट और लगभग 60 लाख के अन्य दस्तावेज एवं संपत्ति संबंधी कागजात मिले हैं।

3. ओपल रेजेंसी, दानापानी, भोपाल (फ्लैट नंबर 508):
इस फ्लैट से 26 लाख रुपए नकद, 2.649 किलोग्राम सोना (मूल्य लगभग 3.05 करोड़) और 5.523 किलोग्राम चांदी (मूल्य लगभग 5.93 लाख) जब्त की गई। साथ ही कई प्रॉपर्टी दस्तावेज भी बरामद हुए हैं।

4. केटी इंडस्ट्रीज, गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया, भोपाल:
यहां मेहरा के बेटे रोहित मेहरा और कैलाश नायक की साझेदारी में संचालित पीवीसी पाइप फैक्ट्री से 1.25 लाख रुपए नकद, मशीनें, कच्चा माल, तैयार उत्पाद और संपत्ति के दस्तावेज मिले।

फोर-व्हीलर और अन्य संपत्ति भी आई सामने

छापे में फोर्ड एंडेवर, स्कोडा स्लाविया, किया सोनेट और मारुति सियाज जैसी चार लग्जरी कारें भी मिली हैं, जो मेहरा परिवार के सदस्यों के नाम पर दर्ज हैं।

लोकायुक्त टीम ने बताया कि अभी बरामद संपत्तियों और बैंक खातों की जांच जारी है। सभी संपत्तियों का मूल्यांकन पूरा होने पर कुल राशि और संपत्ति का आकलन 10 करोड़ से भी अधिक पहुंच सकता है।

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक है, जिसने सरकारी सेवा से अर्जित कथित रूप से भ्रष्ट कमाई का बड़ा नेटवर्क उजागर किया है।


Share:

Leave a Comment