मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट 2025 : भोपाल में 11 से 13 अक्टूबर तक पर्यटन महाकुंभ, 27 देशों से आएंगे प्रतिनिधि भोपाल। राजधानी भोपाल में 11 से 13 अक्टूबर तक मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट (MPTM) 2025 का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसे प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र का महाकुंभ माना जा रहा है। तीन दिवसीय आयोजन कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में होगा, जिसमें देश-विदेश से पर्यटन से जुड़े प्रतिनिधि, ट्रैवल एजेंसियां, होटल व्यवसायी, निवेशक और मीडिया प्रतिनिधि शामिल होंगे। पर्यटन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस बार का आयोजन अब तक का सबसे बड़ा ट्रैवल मार्ट होगा। इसमें 27 देशों से 80 विदेशी टूर ऑपरेटर, 150 घरेलू ट्रैवल एजेंसियां, 355 सेलर्स और अन्य हितधारी मिलाकर करीब 700 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इस दौरान लगभग 3,000 बी2बी मीटिंग्स आयोजित होंगी, जिनमें पर्यटन क्षेत्र में निवेश और सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा होगी। मार्ट में मध्यप्रदेश की धरोहर, वन्यजीव, धार्मिक, सांस्कृतिक और ग्रामीण पर्यटन को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजन स्थल पर हस्तशिल्प, गोंड कला, चंदेरी-बघेली साड़ी और प्रदेश के पारंपरिक खानपान की झलक भी देखने को मिलेगी। इसके अलावा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश की लोकसंस्कृति को मंच दिया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे और निवेशकों के साथ वन-टू-वन मीटिंग्स भी करेंगे। आयोजन के दौरान दो प्रमुख सत्र रखे जाएंगे – पहला “मध्यप्रदेश : हिडन जेम्स से ग्लोबल आइकन तक” और दूसरा “भविष्य का फिल्म पर्यटन : रील से रियल ग्रोथ”। कार्यक्रम से पहले 9 अक्टूबर को इंफ्लुएंसर मीट आयोजित की जाएगी, जिसमें सोशल मीडिया पर पर्यटन प्रचार से जुड़े प्रमुख कंटेंट क्रिएटर्स भाग लेंगे। वहीं 14 फैम ट्रिप्स (FAM Trips) के जरिए 200 से अधिक विदेशी प्रतिनिधियों को प्रदेश के पर्यटन स्थलों की सैर कराई जाएगी। पर्यटन विभाग का कहना है कि इस आयोजन से मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन का नया आयाम मिलेगा। इससे न केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि प्रदेश में निवेश और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी।