पीडब्ल्यूडी के पूर्व चीफ इंजीनियर के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा भोपाल। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के पूर्व मुख्य अभियंता जे.पी. मेहरा के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के तहत लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार सुबह राजधानी भोपाल में बड़ी कार्रवाई की। लोकायुक्त टीम ने मेहरा के चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर भारी मात्रा में नकदी, सोने के जेवर और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। जानकारी के अनुसार, लोकायुक्त टीम सुबह करीब 6 बजे पुलिस बल के साथ मेहरा के मणिपुरम स्थित बंगले पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। इसके बाद गोविंदपुरा, बावड़ियाकला और सोहागपुर स्थित उनके अन्य घरों पर भी एक साथ दबिश दी गई। सूत्रों के मुताबिक, मणिपुरम और बावड़ियाकला स्थित आवास से बड़ी मात्रा में नकदी और सोने-चांदी के जेवरात मिले हैं। नकदी की गिनती के लिए लोकायुक्त टीम को कैश काउंटिंग मशीनें बुलानी पड़ीं। टीम को कई संपत्तियों के दस्तावेज भी मिले हैं, जिनमें मुंबई स्थित प्रॉपर्टी से जुड़े सबूत शामिल हैं। लोकायुक्त के अधिकारियों ने बताया कि जे.पी. मेहरा पर अपने कार्यकाल के दौरान विभागीय ठेकों और निर्माण कार्यों में गंभीर गड़बड़ियों और अनियमितताओं के आरोप हैं। इन्हीं आरोपों की पुष्टि के लिए यह कार्रवाई की जा रही है। लोकायुक्त की यह कार्रवाई देर शाम तक जारी रहने की संभावना है। टीम द्वारा बरामद दस्तावेजों और नकदी का मूल्यांकन किया जा रहा है। कार्रवाई के बाद विभाग के अन्य अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।