enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश 45 हजार बिजली आउटसोर्स कर्मियों का आंदोलन तेज, धनतेरस से दीपावली तक कामबंद हड़ताल की चेतावनी

45 हजार बिजली आउटसोर्स कर्मियों का आंदोलन तेज, धनतेरस से दीपावली तक कामबंद हड़ताल की चेतावनी

45 हजार बिजली आउटसोर्स कर्मियों का आंदोलन तेज, धनतेरस से दीपावली तक कामबंद हड़ताल की चेतावनी

भोपाल।
प्रदेश के 45 हजार बिजली आउटसोर्स कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। रविवार से राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत करते हुए सभी 55 जिलों में कलेक्टर, सांसद और विधायकों को ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। यह अभियान आगामी धनतेरस से दीपावली तक प्रस्तावित कामबंद हड़ताल की तैयारी का हिस्सा माना जा रहा है।

परीक्षा से हो भर्ती

बिजली आउटसोर्स कर्मचारी संगठन के प्रांतीय संयोजक मनोज भार्गव, महामंत्री दिनेश सिसोदिया और जनता यूनियन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेंद्र भदौरिया के नेतृत्व में कर्मियों ने मांग उठाई है कि मप्र की छह बिजली कंपनियों में 50 हजार रिक्त पदों को मौजूदा और अनुभवी आउटसोर्स कर्मियों से विभागीय परीक्षा के जरिए भरा जाए।

आउटसोर्स कर्मियों के लिए आरक्षण और ठेका प्रथा खत्म करने की मांग

संगठन ने ज्ञापन में मांग की है कि भविष्य की सीधी भर्ती में 50 प्रतिशत पद आउटसोर्स कर्मियों के लिए आरक्षित किए जाएं। साथ ही, तमिलनाडु की तर्ज पर नियमित भर्ती कर ठेका प्रथा को समाप्त करने की जरूरत बताई है।

बोनस, वेतन और मुआवजा

कर्मचारियों ने बोनस 8.33 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने, न्यूनतम वेतन केंद्र सरकार के बराबर करने और बिजली दुर्घटनाओं में मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा तथा अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग की है। साथ ही जोखिम भत्ता लागू करने और सेवा पुस्तिका तैयार करने पर भी जोर दिया गया है।

ठेकेदारों पर सख्ती और मनमाने तबादले रोकने की अपील

संगठन ने सरकार से ठेकेदारों की मनमानी पर अंकुश लगाने और मनमाने ट्रांसफर निरस्त करने की भी मांग रखी है।

चेतावनी – हड़ताल से प्रभावित होगी बिजली व्यवस्था

कर्मचारियों ने साफ कहा है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो धनतेरस से दीपावली तक सभी बिजली आउटसोर्स कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर चले जाएंगे। ऐसी स्थिति में प्रदेश की बिजली आपूर्ति प्रभावित होना तय माना जा रहा है।

Share:

Leave a Comment