प्रधानमंत्री मोदी करेंगे मध्यप्रदेश से स्वच्छता सेवा पखवाड़े का शुभारंभ रीवा, 12 सितम्बर 2025। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 सितम्बर से मध्यप्रदेश से स्वच्छता सेवा पखवाड़े का शुभारंभ करेंगे। यह अभियान 2 अक्टूबर तक चलेगा। पखवाड़े के पहले दिन जिला से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें लाड़ली बहना योजना की हितग्राही बहनों की स्वास्थ्य जांच कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने मंदसौर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान रक्तदान शिविर, नमो मैराथन, नमो वन और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही उन्होंने अधिक वर्षा से फसलों को हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कराने के निर्देश भी दिए। रीवा से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल शामिल हुए। उन्होंने बताया कि इस पखवाड़े में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान भी चलेगा। शिविरों में डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, एनीमिया और क्षय रोग की जांच की जाएगी तथा रक्तदान शिविर भी होंगे। मुख्य सचिव अनुराग जैन ने बताया कि भोपाल, सागर, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, शहडोल, गुना और छिंदवाड़ा में विशेष आयोजन होंगे। इनमें 21 सितम्बर को नमो मैराथन का आयोजन किया जाएगा। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कमिश्नर बी.एस. जामोद, संयुक्त आयुक्त सुदेश मालवीय, संयुक्त आयुक्त दिव्या त्रिपाठी और प्रभारी कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।