भोपाल (ईन्यूज़ एमपी): मध्यप्रदेश पुलिस विभाग में एक बार फिर बड़ा फेरबदल होने वाला है। हाल ही में 699 पुलिसकर्मियों के तबादले के बाद अब विभाग दूसरी तबादला सूची जारी करने की तैयारी में है। इस सूची में उन अफसरों और कर्मचारियों के नाम शामिल होंगे जो 5 साल या उससे अधिक समय से एक ही थाने या जिले में जमे हुए हैं। सूत्रों की मानें तो इस सूची में कई ऐसे SI और ASI होंगे, जो पिछले 10-12 वर्षों से जिले की अलग-अलग थानों में सेवाएं दे रहे हैं। पहली सूची में छूट गए थे 50 अफसर: DGP के आदेश पर पहली सूची में 699 पुलिसकर्मियों के तबादले किए गए थे, जिसमें 30 उपनिरीक्षक (SI), 56 सहायक उपनिरीक्षक (ASI), 313 हेड कांस्टेबल और 301 कांस्टेबल शामिल थे। हालांकि करीब 50 अधिकारी ऐसे थे जो किसी कारणवश तबादले से बच निकले थे। अब उनके लिए खतरे की घंटी बज चुकी है। भोपाल कमिश्नरेट के 37 थानों में हुई थी बड़ी कार्रवाई: 5 साल से ज्यादा समय से तैनात कर्मचारियों पर कार्रवाई करते हुए हाल ही में राजधानी भोपाल के 37 थानों से 699 पुलिसकर्मियों को इधर-उधर किया गया था। लंबे समय से जमे इन कर्मचारियों के खिलाफ जनशिकायतें बढ़ती जा रही थीं, जिसे देखते हुए सख्त निर्णय लिया गया। तबादला नीति 2025 लागू: प्रदेश में लागू तबादला नीति 2025 के तहत यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी कर्मचारी एक ही स्थान पर लंबे समय तक न टिके। साथ ही कार्यवाहक पदोन्नति प्राप्त पुलिसकर्मियों के लिए अब नियमित प्रमोशन आदेश भी जारी किए जाएंगे। यह नीति पारदर्शिता और प्रशासनिक कुशलता के लिहाज से लागू की गई है। क्या होगी अगली लिस्ट की दिशा? सूत्रों के अनुसार अगली सूची में विशेष ध्यान उन अफसरों पर होगा जो स्थानीय प्रभाव के चलते वर्षों से इधर-उधर घुमकर जिले में ही सेवाएं दे रहे हैं। विभाग अब इस ‘स्थायी जड़ता’ को समाप्त करने की मुहिम में जुट चुका है। वहीं अब देखना यह होगा कि दूसरी लिस्ट कितनी बड़ी होती है और किन-किन नामों पर गाज गिरती है। फिलहाल पुलिस महकमे में हलचल मची हुई है और कई अधिकारी-कर्मचारी अपनी अगली पोस्टिंग को लेकर असमंजस में हैं।