enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश बड़ी खबर: रीवा में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, 3 हजार की रिश्वत लेते कर्मचारी रंगे हाथों गिरफ्तार

बड़ी खबर: रीवा में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, 3 हजार की रिश्वत लेते कर्मचारी रंगे हाथों गिरफ्तार

रीवा(ईन्यूज़ एमपी): लोकायुक्त रीवा की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। राजस्व निरीक्षक कार्यालय के चैनमेन विनोद शुक्ला को 3000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। यह सनसनीखेज ट्रैप कार्रवाई कलेक्ट्रेट परिसर में नायब तहसीलदार, वृत बनकुईया के कक्ष में की गई, जिसने भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश दिया है।

क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता राजेश कुमार पांडे (48 वर्ष), निवासी ग्राम गंगहरा, पोस्ट सगरा, थाना सगरा, तहसील हुजूर, जिला रीवा ने 6 जून 2025 को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में शिकायत दर्ज की थी। राजेश ने बताया कि उन्होंने ग्राम गंगहरा और सगरा की सीमा पर स्थित रास्ते पर हो रहे अवैध निर्माण को रोकने के लिए तहसीलदार कार्यालय में स्टे ऑर्डर के लिए आवेदन दिया था। इस मामले में चैनमेन विनोद शुक्ला (57 वर्ष), पिता स्व. राम प्रसाद शुक्ला, ने स्टे ऑर्डर जारी करने के एवज में 3000 रुपये की रिश्वत मांगी।

शिकायत मिलने के बाद, लोकायुक्त संभाग रीवा के पुलिस अधीक्षक योगेश्वर शर्मा ने तुरंत सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान विनोद शुक्ला की रिश्वत मांगने की बात पुष्ट हुई। इसके बाद, आज 10 जून 2025 को SP योगेश्वर शर्मा के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम ने चैनमेन विनोद शुक्ला को नायब तहसीलदार, वृत बनकुईया के कक्ष में 3000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों धर दबोचा।

इस कार्रवाई का नेतृत्व निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया ने किया, जबकि उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार और उनकी टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।

Share:

Leave a Comment