भोपाल/निवाड़ी (ईन्यूज़ एमपी): मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने शनिवार को निवाड़ी जिले के अपने अल्प प्रवास के दौरान ऐतिहासिक और धार्मिक नगरी ओरछा में भगवान श्री रामराजा सरकार के दरबार में हाजिरी लगाई। उन्होंने विधिवत पूजन-अर्चन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और सतत विकास की कामना की। उपमुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा, "भगवान श्री रामराजा सरकार केवल श्रद्धा और भक्ति का नहीं, बल्कि जनसेवा, सुशासन और आत्मबल का भी प्रतीक हैं। उनका आशीर्वाद हमें हमेशा कर्तव्यपथ पर अडिग रहने और जनहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है।" उन्होंने यह भी कहा कि ओरछा न केवल मध्यप्रदेश बल्कि पूरे देश की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का गौरव है। श्री शुक्ल के साथ ओरछा दौरे पर निवाड़ी विधायक अनिल जैन, जिला कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आम श्रद्धालुओं ने भी डिप्टी सीएम के दर्शन के दौरान मंदिर में विशेष उत्साह और श्रद्धा व्यक्त की। डिप्टी सीएम का मंदिर परिसर में पारंपरिक स्वागत किया गया। पूजन के बाद उन्होंने मंदिर प्रांगण में व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। धार्मिक आस्था के साथ विकास का संकल्प राजेन्द्र शुक्ल का यह दौरा केवल धार्मिक नहीं, बल्कि यह प्रदेश में अध्यात्म के साथ-साथ विकास की धारणा को और मजबूती देने का प्रतीक भी माना जा रहा है। उन्होंने यह स्पष्ट संकेत दिया कि जनप्रतिनिधि जब आस्था से जुड़ते हैं, तो प्रशासनिक कार्यों में भी सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।