भोपाल (ईन्यूज़ एमपी): मध्यप्रदेश में विधानसभा का बजट सत्र खत्म होते ही प्रशासनिक सर्जरी की बड़ी तैयारी शुरू हो गई है। सरकार 24 मार्च के बाद बड़े पैमाने पर तबादले करने जा रही है। इसमें कई जिलों के कलेक्टर बदले जाएंगे, वहीं मंत्रालय स्तर पर भी बड़े अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, सरकार विभागीय स्तर पर भी बदलाव की योजना बना रही है। विशेष रूप से स्कूल शिक्षा विभाग समेत कई अन्य विभागों में तबादले की प्रक्रिया जल्द शुरू हो सकती है। विभागों ने अपने-अपने प्रस्ताव तैयार कर लिए हैं, जिन पर अंतिम मुहर बजट सत्र के बाद लगने की संभावना है। इस प्रशासनिक बदलाव को लेकर अफसरों में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि कई बड़े जिलों के कलेक्टर बदले जाएंगे, जबकि कुछ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी जाएंगी। देखना दिलचस्प होगा कि सरकार इस तबादला प्रक्रिया को किस पैमाने पर अंजाम देती है और किन अधिकारियों पर गाज गिरती है