enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश बड़ी खबर: मऊगंज घटना को लेकर रीवा में उबाल, सड़कों पर उतरेंगे हजारों लोग – बंद का ऐलान, प्रशासन सतर्क

बड़ी खबर: मऊगंज घटना को लेकर रीवा में उबाल, सड़कों पर उतरेंगे हजारों लोग – बंद का ऐलान, प्रशासन सतर्क

रीवा (ईन्यूज़ एमपी): मऊगंज में हुई निर्मम हत्या और हिंसा ने पूरे विंध्य को हिलाकर रख दिया है। इस दिल दहला देने वाले घटनाक्रम के बाद अब रीवा में भी गुस्सा फूट पड़ा है। विभिन्न सामाजिक संगठनों ने मंगलवार को रीवा बंद का ऐलान किया है।

शनिवार को सनी द्विवेदी की हत्या और पुलिस पर हमले के विरोध में ब्राह्मण समाज, रॉयल राजपूत संगठन, करणी सेना और साहू समाज समेत कई संगठनों ने बंद का आह्वान किया है। इस आंदोलन में सीधी, सिंगरौली, सतना, मैहर और मऊगंज से भी बड़ी संख्या में लोग रीवा पहुंच रहे हैं, जिससे माहौल और गर्माने की आशंका है।

सोशल मीडिया पर गुस्सा फूटा, सियासत गरमाई
मऊगंज कांड के बाद सोशल मीडिया पर भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोग लगातार सरकार और पुलिस प्रशासन पर सवाल उठा रहे हैं। घटना को लेकर सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। विपक्षी दलों ने सरकार पर कानून व्यवस्था विफल होने का आरोप लगाया है, जबकि समर्थक इसे साजिश बता रहे हैं।

बंद को सफल बनाने की अपील, मुनादी से गूंजीं सड़कों
सोमवार रात को ही रीवा में मुनादी करवाई गई। लाउडस्पीकर के जरिए लोगों से दुकानें बंद रखने और प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की गई। कई संगठनों के कार्यकर्ता सड़कों पर घूम-घूमकर व्यापारियों और आम जनता से सहयोग मांग रहे हैं।

प्रशासन सतर्क, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बंद के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस हाई अलर्ट पर है। हिंसा और उपद्रव की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

"सुबह से सड़कों पर उतरेंगे हजारों लोग"
रॉयल राजपूत संगठन के संभाग अध्यक्ष अर्जुन सिंह गहरवार ने कहा,
"मऊगंज की घटना बेहद दर्दनाक है। लगातार हो रही हिंसा से जनता में गुस्सा है। हम सभी मंगलवार को सुबह से सड़कों पर उतरेंगे और बंद को सफल बनाएंगे। प्रशासन को अब इस मामले में कठोर कदम उठाने होंगे।"

"शहर ठप रहेगा, प्रशासन कार्रवाई करे"
ब्राह्मण समाज के एक प्रतिनिधि ने कहा,
"अब समय आ गया है कि हम एकजुट होकर अन्याय के खिलाफ खड़े हों। रीवा बंद पूरी तरह सफल होगा। प्रशासन को चाहिए कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई करे।"

क्या हुआ था मऊगंज में?
शनिवार को मऊगंज में सनी द्विवेदी की हत्या कर दी गई थी। इस घटना के विरोध में पुलिस ने कार्रवाई की तो बवाल और बढ़ गया। हालात बेकाबू होते ही पुलिसकर्मियों पर भी हमला किया गया। इस घटना के बाद पूरे विंध्य में तनाव का माहौल है।

अब देखना होगा कि प्रशासन और पुलिस इस बंद को कैसे संभालती है। क्या यह बंद शांतिपूर्ण रहेगा या बवाल बढ़ेगा? – इस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।

Share:

Leave a Comment