भोपाल(ईन्यूज़ एमपी): मध्य प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन सदन में तीखी बहस और हंगामे के आसार हैं। खास बात यह है कि विपक्ष के साथ-साथ भाजपा के ही वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री अजय विश्नोई ने भी अपनी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने जबलपुर जिले में धान खरीदी में अनियमितताओं को लेकर ध्यान आकर्षण प्रस्ताव पेश किया है। वहीं, कांग्रेस विधायक रजनीश हरवंश सिंह ने भी सिवनी जिले के भीमगढ़ जलाशय से सिंचाई के लिए पानी न मिलने की समस्या पर ध्यान आकर्षित किया है। पूर्व मंत्री अजय विश्नोई ने जबलपुर जिले में धान उपार्जन प्रक्रिया में अनियमितताओं का मुद्दा उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को उचित समर्थन मूल्य नहीं मिल रहा और खरीदी केंद्रों में भ्रष्टाचार चरम पर है। विश्नोई का यह कदम सरकार के लिए असहज स्थिति पैदा कर सकता है, क्योंकि विपक्ष पहले से ही इस मुद्दे को जोरशोर से उठा रहा है। वहीं, कांग्रेस विधायक रजनीश हरवंश सिंह ने सिवनी जिले के भीमगढ़ जलाशय से किसानों को सिंचाई के लिए पानी न मिलने की समस्या पर ध्यान आकर्षण प्रस्ताव पेश किया। उन्होंने आरोप लगाया कि जल संसाधन विभाग की लापरवाही से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। सत्र में विपक्ष परिवहन घोटाले और धान खरीदी में भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। कांग्रेस इन मामलों में सीधी जांच और जवाबदेही तय करने की मांग कर रही है। आज विधानसभा में डिप्टी सीएम और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा द्वितीय अनुपूरक बजट पेश करेंगे। इसमें विभिन्न विभागों के लिए अतिरिक्त धनराशि आवंटित की जाएगी। आज की कार्यवाही में सरकार और विपक्ष के बीच जबरदस्त बहस देखने को मिल सकती है। खासकर तब, जब खुद भाजपा के विधायक सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हों। यह देखना दिलचस्प होगा कि सरकार इन मुद्दों पर क्या रुख अपनाती है और क्या विपक्ष अपने सवालों पर सरकार से संतोषजनक जवाब ले पाता है।