भोपाल (ईन्यूज़ एमपी): जापान यात्रा से लौटने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने नई दिल्ली में सौजन्य भेंट की। इस मुलाकात के दौरान उप मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री को उनकी सफल विदेश यात्रा की बधाई दी और इसे मध्य प्रदेश के आर्थिक विकास और निवेश आकर्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। श्री शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का जापान दौरा प्रदेश में औद्योगिक निवेश को नई गति देने वाला सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि सरकार निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल तैयार कर रही है, जिससे मध्य प्रदेश देश और दुनिया के लिए एक आकर्षक निवेश गंतव्य बन सके। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की जापान यात्रा को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दौरे से मध्य प्रदेश को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान मिलेगी। राज्य सरकार औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा और सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, जिससे प्रदेश में नए उद्योगों की स्थापना को प्रोत्साहन मिलेगा और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। मुलाकात के दौरान प्रदेश के औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन नीतियों और आगामी परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि निवेशकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल प्रदान कर मध्य प्रदेश को भारत का प्रमुख औद्योगिक हब बनाया जाए।