enewsmp.com
Home स्वास्थ्य प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में आयुष चिकित्सकों के साथ mp देश में पहले स्थान पर !

प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में आयुष चिकित्सकों के साथ mp देश में पहले स्थान पर !

भोपाल(ईन्यूज़ एमपी)- मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है जहां शहरी क्षेत्र के सभी 328 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में आयुष सुविधाएं उपलब्ध है। ग्रामीण क्षेत्रों के 1440 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में से 695 में आयुष सुविधाएं उपलब्ध हैं और शेष में बढ़ाई जा रही हैं। जनजातीय क्षेत्रों में 228 प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आयुष डॉक्टर उपलब्ध हैं। इस मापदण्ड पर मध्यप्रदेश देश में तीसरे स्थान पर है। प्रथम स्थान पर 296 की संख्या के साथ उड़ीसा और 279 की संख्या के साथ छत्तीसगढ़ दूसरे स्थान पर है।

मध्यप्रदेश वर्ष 2005 से ग्रामीण क्षेत्रों में उप स्वास्थ्य केन्द्रों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी करने वाले देश के पहले छह राज्यों में शामिल हो गया है। इसके अलावा सबसे ज्यादा संख्या में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों वाले दस राज्यों में सातवें स्थान पर आ गया है।

यह तथ्य हाल ही में भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी “हेल्थ डायनामिक्स ऑफ इंडिया – इन्फ्रास्ट्रक्चर एंड हयूमन रिसोर्स” रिपोर्ट में सामने आया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों की संख्या में भी मध्यप्रदेश पहले छह राज्यों में शामिल है। देश में कुल 5491 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हैं। मध्यप्रदेश में इनकी संख्या 332 हैं।

रिपोर्ट के अनुसार सब डिविजनल स्तर पर संचालित अस्पतालों और जिला अस्पतालों की संख्या के हिसाब से मध्यप्रदेश देश के प्रथम तीन राज्यों में शामिल है। सब डिविजनल अस्पतालों की संख्या 144 है। तमिलनाडु 281 की संख्या के साथ पहले और कर्नाटक 147 की संख्या के साथ दूसरे नंबर पर है। प्रदेश में जिला अस्पतालों की संख्या 52 है। यह देश में दूसरे स्थान पर है। पहले स्थान पर 125 की संख्या के साथ उत्तर प्रदेश है और 40 की संख्या के साथ दिल्ली तीसरे स्थान पर है।

Share:

Leave a Comment