enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश कमलनाथ के करीबी ने विधायिकी से दिया इस्तीफ़ा, BJP ने बनाया इस सीट से प्रत्याशी...

कमलनाथ के करीबी ने विधायिकी से दिया इस्तीफ़ा, BJP ने बनाया इस सीट से प्रत्याशी...

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के करीबी माने जाने वाले कांग्रेस विधायक रहे कमलेश शाह को भारतीय जनता पार्टी ने छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा विधानसभा सीट से प्रत्याशी घोषित किया है। इस सीट पर उपचुनाव होना है। कमलेश लोकसभा चुनाव के समय विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र देकर भाजपा में शामिल हुए थे। शाह लगातार तीन बार अमरवाड़ा से विधायक रह चुके हैं।
अमरवाड़ा विधानसभा से भाजपा को लोकसभा चुनाव में 15 हजार 39 मतों की बढ़त मिली है। इधर कांग्रेस के प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया अंतिम दौर में पहुंच गई है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष एकलव्य अहाके, जिपं सदस्य चंपालाल कुरचे, नवीन मरकाम और सेवानिवृत्त उप पुलिस अधीक्षक रामनारायण परतेती के नाम पर विचार किया जा रहा है।

नकुल नाथ को लोकसभा चुनाव में अमरवाड़ा से लगा झटका
कमल नाथ के बेटे नकुल नाथ छिंदवाड़ा लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार थे, उनके सामने भाजपा के विवेक बंटी साहू मैदान में थे। जानकारी के मुताबिक चुनाव के दौरान अमरवाड़ा से कांग्रेस विधायक कमलेश शाह द्वारा पार्टी और विधायक पद छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद नकुल नाथ को यहां बड़ा झटका लगा। इस विधासभा में भाजपा को वोटों में बढ़त भी मिली।

एक विधानसभा और एक राज्यसभा सीट पर भी होंगे उपचुनाव
मध्य प्रदेश की बुधनी विधानसभा सीट से विधायक शिवराज सिंह चौहान विदिशा से सांसद बनने के बाद अब केंद्रीय कैबिनेट में शामिल हो गए हैं। वहीं प्रदेश से राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना लोकसभा सीट से सांसद बनने के बाद केंद्रीय मंत्री बन गए हैं। ऐसे में शिवराज द्वारा बुधनी विधानसभा से और ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा राज्यसभा सदस्य पद से इस्तीफा देने के बाद इन दोनों पर उपचुनाव हो सकते हैं।

Share:

Leave a Comment