enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश लोकसभा चुनाव अपडेट: नौतपा की तपन के बीच छठे चरण के लिए जारी है मतदान...

लोकसभा चुनाव अपडेट: नौतपा की तपन के बीच छठे चरण के लिए जारी है मतदान...

नई दिल्ली (ईन्यूज एमपी)- लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण में 8 राज्यों की 58 सीटों पर शुक्रवार को मतदान हो रहा है। इसके बाद 1 जून को आखिरी चरण के साथ ही वोटिंग का क्रम सम्पन्न हो जाएगा। इसके बाद देश को 4 जून को इंतजार रहेगा, जब मतगणना होगी।
इस चरण में दिल्ली और हरियाणा की सभी सीटों पर चुनाव होगा। उत्तर प्रदेश की 14, बिहार की आठ, झारंखड की चार, ओडिशा की छह, बंगाल की आठ और जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी सीट पर भी वोट डाले जा रहे हैं।

लोकसभा चुनाव का यह छठा चरण भाजपा के लिए अहम है। 2019 में इस 58 सीटों में से कांग्रेस एक पर भी जीत दर्ज नहीं कर पाई थी, जबकि भाजपा ने 40 सीट जीती थी। इस रिकॉर्ड को बनाए रखना भाजपा के लिए चुनौती होगी। इस चरण में दिल्ली और हरियाणा की सभी सीटों पर मतदान सम्पन्न हो जाएगा।

सोनिया गांधी और राहुल गांधी सुबह करीब 9.30 बजे मतदान करने पहुंचे। यह पहला मौका है जब गांधी परिवार ने गैर कांग्रेसी उम्मीदवार को वोट किया है।
दरअसल, गांधी परिवार के ये तीनों सदस्य (सोनिया, राहुल और प्रियंका वाड्रा) जिस नई दिल्ली सीट से मतदाता हैं, वो इस बार आम आदमी पार्टी के खाते में गई है। नेहरू-गांधी परिवार के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा, जब कोई सदस्य कांग्रेस के अलावा किसी अन्य दल के लिए मतदान करेगा।

छठे चरण के मतदान के बीच एक बड़ी खबर निकल कर सामने आ रही है कि जम्मू-कश्मीर में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती बिजबेहाड़ा पुलिस स्टेशन के बाहर धरने पर बैठ गई हैं।
महबूबा मुफ्ती ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने उनकी पार्टी के कई समर्थकों, विशेषकर युवाओं को हिरासत में ले लिया है ताकि वह अपने मताधिकार का प्रयोग ना कर सकें।
महबूबा मुफ्ती गिरफ्तार किए गए या फिर हिरासत में लिए गए अपने सभी समर्थकों की रिहाई की मांग कर रही हैं।

गौतम गंभीर ने किया मतदान
बीजेपी पूर्वी दिल्ली के सांसद और पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर ने मतदान करने के बाद कहा, सभी को बाहर आना चाहिए और बड़ी संख्या में मतदान करना चाहिए। यह हमारी शक्ति है, यह हमारा लोकतंत्र है। सरकार ने पिछले 10 वर्षों में विकास के लिए काम किया है।
वहीं केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने पत्नी लक्ष्मी पुरी के साथ दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर मतदान किया।
नई दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी बांसुरी स्वराज ने सुबह-सुबह ही मतदान कर दिया। इससे पहले उन्होंने में मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

Share:

Leave a Comment