enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश सीधी सहित 17 जिलों में 43 के पार पहुंचा पारा, तीन दिनों तक हीटवेव का रेड अलर्ट जारी...

सीधी सहित 17 जिलों में 43 के पार पहुंचा पारा, तीन दिनों तक हीटवेव का रेड अलर्ट जारी...

भोपाल (ईन्यूज एमपी)- प्रदेश में गर्मी के तीखे तेवर बरकरार हैं। विंध्यरीजन के सीधी , मैहर , सतना , रीवा , सिंगरौली , मऊगंज , शहडोल और उमरिया में 24 व 25 मई को हीटवेव रहेगा ।वंही बुधवार को प्रदेश में सबसे अधिक 45 डिग्री सेल्सियस तापामन रतलाम में दर्ज किया गया। रतलाम के अलावा धार में लू चली। प्रदेश के 17 शहरों में अधिकतम तापमान 43 से लेकर 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकार्ड किया गया। राजधानी में दिन का तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो इस सीजन का सबसे अधिक तापमान रहा।

उधर, दोपहर के बाद शहर में अलग-अलग स्थानों पर तेज रफ्तार से हवाएं चलने के साथ हल्की वर्षा हुई। नए शहर में 0.2 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई। मलाजखंड में सात मिलीमीटर वर्षा हुई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मौसम का इस तरह का मिजाज गुरुवार को भी बने रहने के आसार हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, वर्तमान में एक नया पश्चिमी विक्षोभ ईरान के आसपास चक्रवात के रूप में बना हुआ है। पूर्वी राजस्थान पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इस चक्रवात से लेकर उत्तरी मध्य प्रदेश, दक्षिणी उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल होते हुए बांग्लादेश तक एक द्रोणिका बनी हुई है। इसी चक्रवात से एक अन्य द्रोणिका दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश से मध्य महाराष्ट्र होते हुए उत्तरी कर्नाटक तक बनी हुई है।

दोपहर के बाद प्रदेश के अधिकतर शहरों में आंशिक बादलों के आने और कहीं-कहीं तेज रफ्तार से हवाएं चलने के साथ बूंदाबांदी भी हो रही है। इसके बाद भी तपिश बरकरार है। विशेषकर भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, शहडोल एवं रीवा संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा हो रही है।

दरअसल मध्य प्रदेश में लगातार द्रोणिका के बने रहने से इस तरह की स्थिति बनी हुई है। हालांकि दोपहर के बाद वर्षा की स्थिति बनने के कारण गर्मी के तीखे तेवर भी बरकरार हैं। इस तरह की स्थिति अभी तीन-चार दिन तक बनी रहने की संभावना है।

Share:

Leave a Comment