भोपाल - जनसंपर्क, ऊर्जा एवं खनिज साधन मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि विश्व का सबसे बढ़ा सौर ऊर्जा संयंत्र लगने, विभिन्न उद्योगों की स्थापना रीवा में होने तथा विश्व की प्रथम व्हाइट टाइगर सफारी के लोकार्पण के बाद विन्ध्य क्षेत्र में औद्योगिक तथा पर्यटन क्रांति आएगी। अब यह क्षेत्र समृद्धशाली होगा। श्री शुक्ल शुक्रवार को रीवा में विन्ध्य महोत्सव 2016 के आयोजन में विन्ध्य व्यापार मेले का शुभारंभ कर रहे थे। श्री शुक्ल ने कहा कि रीवा में विश्व का सबसे बड़ा सौर ऊर्जा संयंत्र लगने जा रहा है। विभिन्न उद्योगों की स्थापना से यह पूरा क्षेत्र विकसित होगा। उन्होंने कहा कि यहाँ के किसान बाणसागर की नहरों से समृद्धशाली हो रहे हैं। जनसंपर्क मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में रीवा प्रदेश तथा देश में विकास के उच्चतम पायदान पर स्थापित होगा। श्री शुक्ल ने विन्ध्य व्यापार मेले की सफलता की शुभकामनाएँ देते हुए आशा व्यक्त की कि आने वर्षों में यह और वृहद रूप लेगा। सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि विन्ध्य महोत्सव विन्ध्य की शान बन गया है। इस अवसर पर महापौर श्रीमती ममता गुप्ता, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुश्री विभा पटेल सहित अनेक जन-प्रतिनिधि मौजूद थे।