सीधी - मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज 29 जनवरी को दोपहर 2.20 बजे सीधी आएंगे। मुख्यमंत्री श्री सिंह जिला अस्पताल में डायलसिस मशीन का शुभारम्भ करेंगे। मुख्यमंत्री स्टेडियम ग्राउन्ड में 22 करोड़ 89 लाख 31 हजार रूपए लागत के 14 निर्माण कार्यो का भूमिपूजन करेंगे और एक करोड़ 91 लाख 41 हजार रूपए लागत के 6 निर्माण कार्यो का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री श्री सिंह छत्रसाल स्टेडियम में जनजातीय एवं लोक कलाओं का आयोजन सिद्धिदात्री लोकरंग महोत्सव के अंतर्गत सिद्धि बघेली बाजा कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री श्री सिंह सीधी से शायं 4.50 बजे रीवा के लिए प्रस्थान करेंगे। कलेक्टर विशेष गढ़पाले ने मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों द्वारा स्टेडियम ग्राउण्ड में प्रदर्शनी एवं स्टाल लगाया जाएगा। सिद्धिदात्री लोकरंग महोत्सव के आयोजक इन्द्रवती नाट्य समिति के नीरज कुन्देर ने बताया कि बघेलखण्ड में विभिन्न संस्कृति सम्पन्न जनजातियों और जातियों सदियों से निवास रहा है। प्रत्येक जाति जनजाति के अपने पारम्परिक गीत-कथाएं, वार्ताएं, गाथाएं, पहेलियॉ, कहावतें, चित्र, नृत्य और संगीत की अमूल्य धरोहर है। कार्यक्रम में बघेलखण्ड के तमाम कलारूपों जिसमें कि आदिवासी कलारूप, अन्य जातिगत व बघेली लोक परंपरा के गायन, वादन एवं नृत्य परंपरा रूपों को शामिल किया गया है। बघेलखण्ड नृत्य, गीत, गाथा, कथा, लोकवार्ता व लोक तत्वों का अक्षय भण्डार है। कार्यक्रम में प्रस्तुत होने वाले नृत्यों में करमा, शैला, गुदुम-बाजा, अहिराई, अहिराई-लाठी,सुआ, छपईया, कोलदहका, कालीनृत्य, जेडी नृत्य व गाथा गायन रूपों में वसदेवा, चमरौंही, कोहरौही, छाहुर, ललना, चन्दनुआ, चन्दैनी, आल्हा, पदुम-कथइया, गढ़केउटी, वनजोरवा, भरथरी, रानी साहुरंग, रानी केतकी, रेवा-परेवा, बरिहौंही, धोबिहौही के प्रतिनिधि गाथारूप में से वसदेवा गाथा व यात्रा गीत, बम्बोलिया की प्रस्तुति होनी है।